मोबाइल की बैटरी या तकनीकी खराबी की आशंका; विशेषज्ञों ने जारी की सावधानी बरतने की सलाह

पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मोटरसाइकिल से जा रहे एक युवक की पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि युवक की पैंट में तुरंत आग लग गई और वह संतुलन खोकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में युवक करीब 12 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोबाइल ब्लास्ट के बाद उठी आग ने युवक के शरीर को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में युवक के पैर की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा मोबाइल विस्फोट से लगी आग के कारण उसके प्राइवेट पार्ट सहित शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में मोबाइल की बैटरी या किसी तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, मोबाइल की तकनीकी जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

इस घटना के बाद लोगों में मोबाइल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि मोबाइल फोन में हमेशा कंपनी द्वारा प्रमाणित बैटरी और चार्जर का ही इस्तेमाल करें। यदि फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो, बैटरी फूल जाए या किसी प्रकार की तकनीकी खराबी दिखाई दे, तो तुरंत उसका उपयोग बंद कर अधिकृत सर्विस सेंटर पर जांच कराएं।

यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि मोबाइल फोन का सुरक्षित उपयोग और समय-समय पर उसकी तकनीकी स्थिति की जांच करना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी विधानसभा को बड़ी सौगात, बौरपुल से मूसाबंगर तक सड़क निर्माण के लिए ₹4.99 करोड़ मंजूर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.