ब्रेकिंग न्यूज़

चंपावत जिले में मई महीने में गुम हुआ एक स्मार्टफोन छह महीने बाद इंग्लैंड में जाग उठा। वहां से किसी ने फोन को कोरियर करवाकर सीधे चंपावत पुलिस के पास भिजवा दिया।
शनिवार को पुलिस ने फोन मालिक की पत्नी को सौंप दिया और घर में खुशी की लहर दौड़ गई।

पाटी विकासखंड के कमल सिंह ने 15 मई 2025 को थाने में तहरीर दी थी कि उनका महंगा स्मार्टफोन कहीं खो गया है। चंपावत पुलिस ने तुरंत CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) सिस्टम का सहारा लिया। इस सिस्टम की मदद से IMEI नंबर के जरिए फोन को ट्रैक किया जाता है। कई महीनों तक फोन बंद रहा, लेकिन अचानक इंग्लैंड में कोई इसे ऑन करके इस्तेमाल करने लगा।

पुलिस ने तुरंत इंग्लैंड में फोन चलाने वाले मोहित कालरा से संपर्क किया। मोहित ने बताया कि वह उत्तराखंड घूमने आए थे और रास्ते में उन्हें यह फोन मिल गया था। कानूनी बातचीत के बाद मोहित ने बिना कोई बहाना बनाए फोन को कोरियर से चंपावत पुलिस के पते पर भेज दिया।

शनिवार को एसपी अजय गणपति ने खुद कमल सिंह की पत्नी दीपा बोहरा को फोन सौंपा। दीपा भावुक हो गईं और बोलीं, “हमने तो सोच लिया था कि फोन अब कभी नहीं मिलेगा। पुलिस ने इतना शानदार काम किया, दिल से शुक्रिया।” घर लौटते वक्त उनकी खुशी देखते ही बनती थी।

चंपावत पुलिस की इस कामयाबी की सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं – हमारी पुलिस चाहे तो कुछ भी कर सकती है!

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मुंबई में पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिला राजभाषा गौरव पुरस्कार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.