ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। मंदिर से लौट रहे एक परिवार का वाहन घर पहुंचने से कुछ दूर पहले हैड़ाखान के पास पेड़ से टकरा गया। मंगलवार देररात हुए इस हादसे में एक महिला का हाथ कटकर अलग हो गया।

जबकि उसके पति समेत दो बच्चों को हल्की चोट आई। गंभीर हालत में महिला व अन्य घायलों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हैड़ाखान निवासी रेवाधर अपनी पत्नी विमला देवी व बच्चों के साथ चोरगलिया स्थित सूर्यदेव मंदिर दर्शन के लिए गए थे।

पूजा अर्चना के बाद रात में पूरा परिवार स्कॉर्पियो वाहन से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने से पांच-छह किलोमीटर पहले वन विभाग के गेस्ट हाउस के पास वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराया।

इस हादसे में विमला देवी का एक हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। एक अन्य रिश्तेदार के भी वाहन में सवार होने की सूचना है।

मौके पर पहुंचे कांस्टेबल महेश राणा व साथियों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसटीएच भिजवाया।

जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। एसओ काठगोदाम दीपक बिष्ट ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : बायोटेक्नोलॉजी विभाग में पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, 37 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.