जनता त्रस्त, व्यापारी पस्त, क्वारब की राह कब होगी स्पष्ट, व्यापारियों ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

अल्मोड़ा। जनता त्रस्त, व्यापारी पस्त, क्वारब की राह कब होगी स्पष्ट.. नारे के उद्घाेष के साथ व्यापारियों ने मोर्चा खाेल लिया है। क्वारब मार्ग को 24 घंटे हल्के और भारी वाहनों के लिए खोलने की मांग को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर इकाई ने ऐतिहासिक बाजार में हस्ताक्षर अभियान चलाया।

व्यापारियों ने कहा कि अगर उनके हितों की अनदेखी की गई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। 15 सितंबर पर मशाल जुलूस निकालने का भी ऐलान किया गया।

शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत बाटा चौक से हुई। जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। मौके पर आयोजित सभा में व्यापारियों ने कहा कि पिछले एक वर्ष से क्वारब मार्ग कभी खुलता और कभी बंद रहता है। करीब तीन महीने से भारी वाहनों के लिए मार्ग पूरी तरह बंद है, जिससे परिवहन, पर्यटन और व्यापार ठप हो गया है।

लोडिंग-अनलोडिंग की दिक्कतों से व्यापारी और जनता दोनों परेशान हैं। उन्होंने ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए कहा कि दो महीने में ही सड़क दरक गई है। यह सरकार और प्रशासन की लापरवाही है।

जिलाध्यक्ष सुशील साह और नगर अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि शनिवार को यह अभियान पूरे नगर और जिले की इकाइयों में चलेगा। इसके बाद 15 सितंबर को नंदादेवी मंदिर से पलटन बाजार तक विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें अन्य संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, कालाढूंगी में कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.