नैनीताल के भीमताल में भारी बारिश होने से 4 साल की बच्ची की नहर में गिरने से हुई मौत
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
भीमताल। नैनीताल जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भीमताल क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। भीमताल बाईपास के समीप एक चार वर्षीय मासूम बच्ची की बरसाती नहर में बहने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, भीमताल बाईपास के पास रहने वाले एक परिवार की चार वर्षीय बिटिया पल्लवी उर्फ पीहू बारिश के दौरान नहर के समीप थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह लुढ़कते हुए तेज बहाव वाली बरसाती नहर में जा गिरी। देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में मासूम बह गई।
मासूम के नहर में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल सक्रिय हुआ तथा नैनीताल से एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
लगातार बारिश के कारण सड़क मार्ग में जगह-जगह बाधाएं होने से राहत एवं बचाव टीम को मौके तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद नहर में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी तलाश के बाद टीम को पीहू बेसुध हालत में बरामद हुई।
एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पीहू को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
बारिश में उफान पर हैं नाले-गधेरे
गौरतलब है कि नैनीताल जिले में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते क्षेत्र के नाले, नदियां, गाड़-गधेरे और बरसाती जलधाराएं उफान पर हैं।
तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से नदी-नालों तथा बरसाती धाराओं के आसपास न जाने की अपील कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों, नदियों और बरसाती नहरों के आसपास जाने से बचें और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें।










