ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल/हल्द्वानी। काठगोदाम निवासी अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा में विधि (Law) विषय से शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार, क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से जारी स्कोरकार्ड के अनुसार शिवानी पुजारी ने विधि विषय में 300 में से 182 अंक प्राप्त करते हुए 97.69 परसेंटाइल हासिल की है।

शिवानी ने Assistant Professor एवं Ph.D. में प्रवेश के लिए UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण की है। विधि विषय की इस परीक्षा में देशभर से 25,619 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। ऐसे में पहली ही कोशिश में उत्कृष्ट परसेंटाइल हासिल करना उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है।

2022 से कर रहीं हैं अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस

शिवानी पुजारी वर्ष 2022 से अधिवक्ता के रूप में विधि व्यवसाय से जुड़ी हुई हैं। वह मुख्य रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं। अधिवक्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ उन्होंने उच्च शिक्षा की दिशा में भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और इसी दौरान एलएलएम की पढ़ाई पूरी की।

खास बात यह रही कि शिवानी ने एलएलएम के अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए UGC-NET की परीक्षा दी। कानून की पढ़ाई और न्यायालय में प्रैक्टिस के बीच परीक्षा की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर इस चुनौती को सफलता में बदल दिया।

पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता

UGC-NET परीक्षा में शिवानी पुजारी की यह पहली कोशिश थी। अपने पहले ही प्रयास में 97.69 परसेंटाइल हासिल कर उन्होंने उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है।

अपनी सफलता पर शिवानी पुजारी ने कहा कि यह उनके लिए खुशी और गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन तथा मित्रों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शुभचिंतकों ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

परिवार और शुभचिंतकों ने दी बधाई

शिवानी पुजारी की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी शिक्षा और विधि के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन करती रहेंगी।

काठगोदाम से उत्तराखंड उच्च न्यायालय तक विधि व्यवसाय और अब UGC-NET में शानदार सफलता—शिवानी पुजारी की यह उपलब्धि क्षेत्र की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें :  भवाली पुलिस की तत्परता से घर से लापता दो नाबालिग सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.