पांगड़, बाज, देवदार, सुरई, पुतली, तेजपत्ता और अंगू के पौधों का किया गया रोपण; पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से आगे आने की अपील

नैनीताल। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से S3 ग्रीन आर्मी द्वारा इस वर्ष के वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत सोमवार को नैनीताल जू से भवाली न्यू बाईपास रोड के समीप स्थित जंगल क्षेत्र में वन विभाग के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व श्री गोविंद प्रसाद ने किया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम श्री दरबान सिंह गेड़ा तथा वन विभाग के श्री गोविंद सिंह और उनकी टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। इस दौरान S3 ग्रीन आर्मी एवं वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के करीब 100 पौधे रोपे। इनमें पांगड़, बाज, देवदार, सुरई, पुतली, तेजपत्ता और अंगू सहित पहाड़ी क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने भी सहभागिता की और विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली का माध्यम नहीं, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद आवश्यक हैं। जंगलों का संरक्षण जलस्रोतों, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से सीधे जुड़ा हुआ है।

S3 ग्रीन आर्मी की टीम ने कहा कि उनका वृक्षारोपण अभियान शुरू हो चुका है और इस बरसात के मौसम में अपनी क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक पौधे लगाने का प्रयास किया जाएगा। टीम ने शहरवासियों और प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी करें और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं।

टीम ने श्री दरबान सिंह गेड़ा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा हर वर्ष पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे टीम को शहर और आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

स्वच्छता के लिए भी लोगों से सहयोग की अपील

वृक्षारोपण के साथ-साथ S3 ग्रीन आर्मी ने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। टीम ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके पहाड़, जंगल और प्राकृतिक संपदा से है। इनका संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

लोगों से अपील की गई कि वे अपना कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों या रास्तों पर गंदगी फैलाता दिखाई दे तो उसे ऐसा करने से रोकें। टीम ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शहर, प्रदेश और देश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

S3 ग्रीन आर्मी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बरसात में प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार कम से कम कुछ पौधे जरूर लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। टीम ने कहा कि वृक्षारोपण केवल आज के लिए नहीं, बल्कि आने वाले बेहतर कल की तैयारी है।

कार्यक्रम में S3 ग्रीन आर्मी की ओर से गोविंद प्रसाद, सुरेश चंद्रा सहित टीम के सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर में नवविवाहिता की निर्मम हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.