उधम सिंह नगर। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ओर से जनपद उधम सिंह नगर में संचालित ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) एवं बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) केंद्रों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में बैंक के प्रधान कार्यालय देहरादून के वित्तीय समावेशन विभाग के प्रमुख कुलभूषण सिंह ने शक्तिफॉर्म, देवनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित ग्राहक सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुल 12 ग्राहक सेवा केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। बैंक अधिकारी ने केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच की तथा संचालकों को बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता और बेहतर ग्राहक सुविधा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राहक सेवा केंद्र बैंक और ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं, इसलिए ग्राहकों को सरल, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस दौरान कुलभूषण सिंह ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कार्य संबंधी कठिनाइयों की जानकारी ली। संचालकों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।

उन्होंने ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक ग्रामीण एवं जरूरतमंद ग्राहकों को केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ें। साथ ही केंद्रों पर आने वाले ग्राहकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

निरीक्षण अभियान के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी के वित्तीय समावेशन विभाग प्रभारी विनोद सनवाल एवं वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल भी साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राहक सेवा केंद्रों के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैंक अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राहक सेवा केंद्रों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है।

ऐसे केंद्रों के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग सुविधाएं उनके निकट ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिल रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: रानीबाग-ज्योलिकोट एनएच बदहाल, गड्ढों से नाराज स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, एनएच कार्यालय में तालाबंदी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.