ब्रेकिंग न्यूज़

उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी, बैलेट बॉक्स में कैद हो रही प्रत्याशियों की किस्मत

रिपोर्टर : गुडडू सिंह ठठोला 

नैनीताल/हल्द्वानी। उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव को लेकर आज कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में मतदान प्रक्रिया जारी है। कुमाऊं विश्वविद्यालय समेत राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों और परिसरों में सुबह से ही छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार में जुटे प्रत्याशियों और समर्थकों की मेहनत अब बैलेट बॉक्स में कैद हो रही है।

नैनीताल के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां मुख्य मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बीच बताया जा रहा है। मतदान केंद्रों के आसपास प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सक्रियता भी दिखाई दे रही है।

वहीं, कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में छात्रसंघ अध्यक्ष पद को लेकर त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां NSUI, ABVP और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए भी छात्र अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं।

कुमाऊं के अधिकांश अन्य महाविद्यालयों में भी छात्रसंघ चुनाव को लेकर NSUI और ABVP के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

दोपहर 2 बजे तक मतदान, 3 बजे से शुरू होगी मतगणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद विभिन्न कॉलेज परिसरों में आज शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।

चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही कई दिनों से प्रचार और जनसंपर्क में जुटे प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला हो जाएगा। समर्थकों की निगाहें अब मतगणना पर टिकी हैं।

सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद

छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए कॉलेज परिसरों में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अधिकारियों की ओर से व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है, ताकि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

छात्रसंघ चुनाव को छात्र राजनीति में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी छात्रों की समस्याओं, शिक्षा, मूलभूत सुविधाओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर समर्थन मांगते रहे हैं। अब मतदान के बाद यह तय होगा कि छात्रों ने किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना भरोसा जताया है।

आज शाम तक परिणाम आने के साथ ही कहीं जीत का जश्न होगा तो कहीं प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल सभी की निगाहें बैलेट बॉक्स खुलने और मतगणना के परिणाम पर टिकी हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राम प्रधानों की मांगों को लेकर 24 सितंबर को भीमताल में धरना, जिला प्रधान संगठन ने किया आंदोलन का ऐलान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.