ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

कॉलेज परिसरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही है।

चुनावी माहौल में किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को रोकने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव में छात्रों की आड़ लेकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले लोगों अथवा आपराधिक इतिहास वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कॉलेज परिसरों या आसपास के क्षेत्रों में हार्डकोर अपराधी, आपराधिक इतिहास वाले व्यक्ति अथवा अराजक तत्व पाए जाने पर उन्हें तत्काल हिरासत में लेकर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इसी कार्रवाई के तहत ITI गैंग से जुड़े देवेंद्र बिष्ट के बाद धानमिल गैंग के शिवम बिष्ट को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा चुनाव के दौरान ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

नैनीताल पुलिस के अनुसार छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और इन्हें शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। कॉलेज परिसरों में प्रवेश, संदिग्ध गतिविधियों, बाहरी तत्वों की मौजूदगी और चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।

पुलिस ने छात्रों से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करें और किसी भी तरह के विवाद, हिंसा या अराजक गतिविधि का हिस्सा न बनें। वहीं, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

नैनीताल पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है—“चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, अपराधियों का मैदान नहीं।” पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रानीखेत की गीतांजलि सती ने लोअर PCS परीक्षा में हासिल की 20वीं रैंक, चाय कारोबारी की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.