बुजुर्ग को अकेला देखा तो लूटने की रच डाली साजिश, रूपयों के लालच में बजुर्ग की कर दी हत्या

देहरादून। अलकनंदा एन्क्लेव में हुई पूर्व इंजीनियर बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कमरा देखने के बहाने आए थे। बुजुर्ग को अकेला देखा तो लूटने की साजिश रच डाली।
बुजुर्ग के पास नकद न होने के कारण दोनों ने एटीएम का पासवर्ड जानने की कोशिश की, लेकिन बुजुर्ग ने पासवर्ड नहीं दिया तो पेपर कटर से कई वार कर हत्या कर दी। एसएसपी ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नौ दिसंबर को बसंत बिहार क्षेत्र में पूर्व इंजीनियर अशोक कुमार गर्ग की हत्या हुई थी। पुलिस ने अशोक के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखे। पुलिस को एक लाल रंग के ई-रिक्शा के बारे में भी पता चला।

पुलिस ने पूरे क्षेत्र की मैपिंग की और आवासीय कॉलोनी में स्थित फ्लैटों की जांच की। इसी दौरान दोनों आरोपियों को माउंट फोर्ट एकेडमी के पास से एक फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नवीन कुमार चौधरी निवासी दौराला मेरठ हाल निवासी इंद्रानगर और अनंत जैन निवासी जैन मोहल्ला थाना बड़ोत जिला बागपत हाल निवासी अलकनंदा एन्क्लेव के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी नवीन ने बताया कि वह पेस्ट कंट्रोल का काम करता है। पत्नी गर्भवती है तो भूतल पर किराये का कमरा ढूंढ रहा था। उसने अपने दोस्त अनंत को बताया। अनंत ने बताया कि उसकी कॉलोनी में एक बुजुर्ग के मकान में कमरा खाली है। दोनों नौ दिसंबर को दोपहर के समय पैदल बुजुर्ग के घर कमरा देखने गए। जहां अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि वह सिर्फ परिवार को ही कमरा देते हैं।

इस पर दोनों ने बुजुर्ग को शाम के समय आकर परिजनों से बात करवाकर एडवांस किराया देने की बात कही। इसके बाद दोनों वापस आ गए। दोनों ने बुजुर्ग को अकेला देखा तो डरा धमकाकर उनसे पैसे लूटने की साजिश रच डाली। शाम के समय फिर दोनों बुजुर्ग के घर गए।

बुजुर्ग ने दोनों के लिए चाय भी बनाई। इस दौरान टेबल पर रखी बुजुर्ग की पासबुक दोनों ने दे ली। इसमें काफी रकम होने की जानकारी मिली। इस पर दोनों अशोक कुमार को कमरा दिखाने के बहाने घर के पिछले हिस्से में ले गए।
जहां अपने पास रखे पेपर कटर से डराकर पैसों की मांग की, लेकिन बुजुर्ग ने नकद पैसा न होने की बात कही। इसके बाद दोनों ने मृतक से उसके एटीएम का पासवर्ड बताने का दबाव बनाया। बुजुर्ग ने पासवर्ड देने में आनाकानी की तो आरोपियों ने पेपर कटर से बुजुर्ग के सीने और पेट पर कई वार किए। बुजुर्ग चिल्लाने लगे तो आसपास के लोग गेट पर आ गए। लोगों की आवाज सुन दोनों बुजुर्ग के सीने पर वार कर फरार हो गए।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने हत्या के समय पहने कपड़े और पेपर कटर को एक सूखे नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बुजुर्ग का पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पेन कार्ड, 1500 रुपये नकद और एक स्कूटर बरामद किया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के दो कैंसर मरीजों का मैक्स अस्पताल वैशाली में सफल इलाज, आधुनिक सर्जरी से मिली राहत

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.