हल्द्वानी। चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी से जुड़े करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है।
आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल ने जांच में लापरवाही बरतने पर भोटियापड़ाव चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई धनंजय गिरी के खिलाफ दर्ज गंभीर आर्थिक अपराधों की जांच में उदासीनता पाए जाने के बाद की गई।
आईजी कुमाऊँ के अनुसार धनंजय गिरी के खिलाफ 10 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों की जांच चल रही है।
वर्ष 2018 से अब तक उसके खिलाफ कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी और आर्थिक अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जिसकी कमान एसपी सिटी हल्द्वानी को सौंपी गई है। SIT सभी मामलों की निष्पक्ष, तेज और गहन जांच करेगी।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा है कि इस प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि धनंजय गिरी से जुड़े किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े या धोखाधड़ी की जानकारी सीधे पुलिस को दें, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

