ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के अदालत परिसरों में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नैनीताल जिला न्यायालय और हल्द्वानी स्थित जजी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई।

जानकारी के अनुसार डिस्ट्रिक्ट जज को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोट की बात कही गई थी।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एहतियातन कदम उठाते हुए नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और हल्द्वानी जजी कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया।

कोर्ट कैंपस में चल रही सभी न्यायिक कार्यवाहियां अस्थायी रूप से रोक दी गईं और आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की जांच

धमकी के मद्देनज़र पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। डॉग स्क्वॉड की मदद से कोर्ट भवन, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि एहतियातन रामनगर स्थित अदालत परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ई-मेल के स्रोत की जांच

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साइबर सेल की टीम ई-मेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी वास्तविक है या किसी की शरारत।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल सर्च अभियान जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  श्रद्धालुओं ने कहा—“सुरक्षा हो तो ऐसी!” SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व में नैनीताल पुलिस की मुस्तैदी ने जीता श्रद्धालुओं का भरोसा, सुरक्षा से लेकर यातायात तक व्यवस्थाओं की हो रही प्रशंसा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.