ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बेतालघाट कम्बल वितरण भगदड़ कांड: अवैध कार्यक्रम पर पुलिस का कड़ा एक्शन, आयोजकों पर मुकदमा दर्ज
नैनीताल। मिनी स्टेडियम बेतालघाट में 16 फरवरी 2026 को आयोजित कम्बल वितरण कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ के मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है।

कार्यक्रम बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति के आयोजित किया गया था, जिसमें भारी भीड़ जुटने से स्टेडियम की दीवार ढह गई और छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, “बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन” के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार तथा तारा भण्डारी, निवासी बेतालघाट, द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आरोप है कि कार्यक्रम के लिए न तो स्थानीय थाना और न ही सक्षम प्रशासनिक अधिकारी से अनुमति ली गई थी। करीब 6000 लोगों को आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम में लोकगायन के साथ कम्बल वितरण किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

संचालन तारा भण्डारी द्वारा किया जा रहा था, जबकि शीलू कुमार, नरेश पाण्डे और अन्य व्यक्तियों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से कम्बल वितरण किया गया, जिससे एक स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्र हो गई।
भीड़ का दबाव बढ़ने से स्टेडियम की दीवार गिर गई, जिसके नीचे दबकर छह लोग घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर वादी कुन्दन कुमार (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल अधिकारी, बेतालघाट) की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख)/190/292 बीएनएस एवं धारा 3(2) लोक सम्पत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस की अपील:
बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूर्व सक्षम प्रशासनिक अनुमति प्राप्त करें और भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  Operation Crackdown से अपराधियों की बढ़ी मुश्किलें; SSP मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस की कार्यवाही में अवैध हथियार व भारी मात्रा में कारतूस बरामद
error: Content is protected !!