हल्द्वानी। शहर के रेलवे बाजार क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जगदीश होटल के पीछे एक भ्रूण मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र की भी जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण वहां कैसे और किन परिस्थितियों में मिला।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।














