ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ऊधम सिंह नगर। गदरपुर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर पालिका पार्किंग परिसर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश करने लगा।

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

क्या है मामला

आत्मदाह की कोशिश करने वाले युवक की पहचान सोनू भारद्वाज निवासी बराखेड़ा के रूप में हुई है। वह बाजार में चाय की दुकान लगाता है। सोनू का कहना है कि करीब चार महीने पहले साप्ताहिक बाजार में उसकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया था। पर्स में मोबाइल फोन और लगभग 10 हजार रुपये नकद थे। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वह आहत और परेशान था।

युवक का आरोप है कि उसने कई बार पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी निराशा के चलते वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा और आत्मदाह जैसा कदम उठाने की कोशिश की।

पुलिस ने हिरासत में लिया

घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। परिजनों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग की गई, जिसके बाद चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी हुए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

खास बात यह है कि युवक ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आत्मदाह की कोशिश की, जिससे इस घटना की हर ओर चर्चा हो रही है। यह मामला एक बार फिर इस सवाल को जन्म देता है कि यदि आम जनता की शिकायतों पर समय रहते सुनवाई और कार्रवाई नहीं होगी, तो लोग अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए ऐसे खतरनाक कदम उठाने को मजबूर क्यों न हों।

यह भी पढ़ें :  महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में रही रौनक, हुए भजन कीर्तन
error: Content is protected !!