अल्मोड़ा जिले के चौकी ताकुला क्षेत्रांतर्गत बागेश्वर रोड पर बसौली के समीप गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जो एक बारात से लौटकर अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जिला पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया।
घटना में ब्रेज़ा कार (संख्या DL-9 CBH-8402) गहरी खाई में गिर गई। SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए ताकुला अस्पताल भेजा।
हादसे में मंजू देवी (44 वर्ष), दिनेश चंद्र (50 वर्ष) और 11 माह के मासूम रोहन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों में जया देवी (25 वर्ष), गोपाल आर्य (50 वर्ष), संजय (21 वर्ष), महेश आर्य (25 वर्ष) और अर्जुन कुमार (36 वर्ष) शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

