ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि यदि किरायेदार आपराधिक प्रवृत्ति का पाया गया तो मकान मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा। यह सख्त कदम दून में किराये पर रह रहे झारखंड के कुख्यात अपराधी विक्रम शर्मा से जुड़े हत्याकांड के बाद उठाया गया है, जिसने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन ने जिले के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ ऑपरेशन क्रैकडाउन समेत अन्य अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों पर सख्ती से शिकंजा कसा जाए।
एडीजी ने कहा कि पुलिस का सत्यापन अभियान केवल सामान्य मोहल्लों तक सीमित नहीं रहेगा। शहर की बड़ी सोसाइटियों, अपार्टमेंट्स और पॉश कॉलोनियों में भी बड़े स्तर पर जांच की जाएगी। विशेष रूप से ऐसे मकान मालिक पुलिस के रडार पर रहेंगे, जो खुद कहीं और रहते हैं और देहरादून में अपने फ्लैट बाहरी लोगों को बिना सत्यापन किराये पर दे रखते हैं।
उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी किरायेदार का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आता है और उसका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है, तो संबंधित मकान मालिक पर भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही जिले और राज्य की सीमाओं पर बाहरी लोगों और उनके वाहनों की सघन चेकिंग लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाश के लिए सर्विलांस के साथ-साथ जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई तथा अज्ञात शवों की पहचान में तय मानकों का सख्ती से पालन करने पर भी जोर दिया गया।
इस संबंध में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पिछले 12 दिनों से चल रहे अभियान में दून पुलिस एक्शन मोड में है। बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले 800 से अधिक मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए हैं, जबकि संदिग्ध और बिना सही दस्तावेजों वाले 1600 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : लूट के मुकदमे में दो साल से फरार चल रहा वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.