रानीखेत आयोजित फागोत्सव में 20 महिला होल्यार टीमों के साथ अल्मोड़ा, नैनीताल और भवाली की महिला टीमों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग
रिपोर्टर – बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित फागोत्सव इस वर्ष भी पारंपरिक रंग और उल्लास से सराबोर रहा। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की 20 महिला होल्यार टीमों के साथ अल्मोड़ा, नैनीताल और भवाली की महिला टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
फागोत्सव के तहत महिलाओं ने नगर में भव्य होली गायन शोभायात्रा निकाली, जो केमू स्टेशन से सदर बाजार, जरूरी बाजार होते हुए शिव मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में व्यापारियों व नागरिकों ने जगह-जगह जलपान की व्यवस्था कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शिव मंदिर परिसर में आयोजित होली स्वांग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हास्य-व्यंग के माध्यम से सामाजिक व राजनीतिक व्यवस्थाओं पर करारे कटाक्ष किए।
होली गायन प्रतियोगिता में नैनी महिला जागृति संस्था, नैनीताल ने प्रथम, कला संस्कृति संगम, अल्मोड़ा ने द्वितीय और मस्तमौला ग्रुप, रानीखेत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वांग प्रतियोगिता में कला संस्कृति संगम, अल्मोड़ा प्रथम, मां नंदा सुनंदा महिला दल, भवाली द्वितीय और नारी शक्ति, रानीखेत तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को नगद राशि व ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक करन माहरा एवं विशिष्ट अतिथि पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने चीर बांधकर किया। विशिष्ट अतिथियों में सिटी मोंटेसरी स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे और समाजसेवी अतुल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने अतिथियों का पारंपरिक स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए करन माहरा ने संस्कृति संरक्षण में निरंतर सक्रिय सांस्कृतिक समिति की सराहना की और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अरुण रावत व विनोद खुल्बे ने महिलाओं द्वारा किए गए भव्य आयोजन को प्रशंसनीय बताते हुए शुभकामनाएं दीं। अतिथियों व आयोजकों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी व प्राइज मनी से सम्मानित किया।
इस अवसर पर नैनीताल के प्रसिद्ध होली गायक स्व. दिनेश चंद्र जोशी ‘कन्नू उस्ताद’ की स्मृति में सचिता पंत व राजेंद्र पंत द्वारा जय गोलू देवता टीम, एरोड़ को उदीयमान टीम पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत के संगीत शिक्षक दिनेश चंद्र जोशी, राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती तथा एपीएस की संगीत शिक्षिका मेघा शामिल रहीं। संचालन दीपक पंत ने किया।
अंत में अध्यक्ष विमल सती ने प्रतिभागियों, अतिथियों व सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहारों के संस्कार नई पीढ़ी तक मर्यादा और परंपरा के साथ पहुंचाने के लिए समिति सतत प्रयासरत रहेगी।

