ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को शांति, सौहार्द एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना हल्द्वानी, मुखानी, बनभूलपुरा एवं काठगोदाम द्वारा संयुक्त रूप से कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी हल्द्वानी डॉ. जगदीश चंद्र ने की।

बैठक में विभिन्न हिंदू, मुस्लिम एवं सिख समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल पदाधिकारी, समाजसेवी संगठन, नगर निगम हल्द्वानी के पार्षदगण, प्रबुद्ध नागरिक तथा जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सभी धर्मों के नागरिकों से अपील की गई कि होली एवं रमजान पर्व को आपसी भाईचारे, पारस्परिक सम्मान और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक, उत्तेजक या अफवाह संबंधी पोस्ट साझा न करने तथा केवल सत्यापित जानकारी प्रसारित करने का अनुरोध किया गया।

संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीजे और लाउडस्पीकर का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही करने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर देने की अपील की गई।

शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। होलिका दहन के अवसर पर चैन स्नैचिंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सादे वस्त्रों में पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी गश्त के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम द्वारा 24×7 निगरानी रखी जाएगी।

होलिका दहन कार्यक्रम निर्धारित स्थानों पर और प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ही संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। हल्द्वानी नगर के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष पुलिस व्यवस्था रहेगी।

सड़क खुदाई वाले स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। पर्वों के दौरान पर्याप्त विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध भी बैठक में उठाया गया, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रमजान माह के दौरान नमाज एवं इफ्तार के समय यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।

बैठक में उपजिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य थानों में भी पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : वार्ड 19 में सड़क–नाली निर्माण की मांग तेज, समाजसेवी विशाल वर्मा ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को सौंपा ज्ञापन
error: Content is protected !!