ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी/हरिद्वार। होली के दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते कई सड़क हादसे हुए, जिनमें हल्द्वानी सहित हरिद्वार जिले में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों से होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसान अपनी बाइक से जा रहा था, तभी आगे चल रहे वाहन से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हरिद्वार जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। ज्वालापुर क्षेत्र में हाईवे किनारे स्ट्रॉबेरी का ठेला लगाए खड़े तीन युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

हादसे में मंगलौर निवासी तबरेज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि असलम और उजैफा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। इस मामले में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिडकुल क्षेत्र में पौड़ी गढ़वाल निवासी सुमन नामक युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पथरी क्षेत्र के फेरूपुर में हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर टायर फटने से मार्बल पत्थरों से लदा लोडर पलट गया। हादसे में पीछे बैठे मजदूर मेहरबान निवासी धनपुरा पत्थरों के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई।
इसके अलावा देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। वहीं श्यामपुर क्षेत्र में नजीबाबाद हाईवे पर सड़क पार कर रहे मजदूर संजय निवासी बिजनौर को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित मामलों की जांच की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने गैंग से जुड़े होने के आरोपों को नकारा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.