ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, समस्त उपजिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जाए। साथ ही जनपद की गैस वितरण एजेंसियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने अधिकारियों को गैस एजेंसियों के गोदामों में स्टॉक की स्थिति, एलपीजी सिलेंडरों के वितरण की व्यवस्था, एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर के वितरण के बीच निर्धारित अंतराल के नियमों का पालन, अवैध रिफिलिंग की रोकथाम तथा उपभोक्ताओं की गैस वितरण पासबुक में सही विवरण दर्ज करने की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में प्राइवेट अस्पताल का गजब का कारनामा! आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज का भरोसा, फिर पोर्टल बंद बताकर लाखों की मांग का आरोप; जांच बैठते ही समझौते के प्रयास का दावा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.