ब्रेकिंग न्यूज़

गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु जिला प्रशासन का अहम निर्णय

नैनीताल जिले में वैश्विक परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अहम कदम उठाए हैं। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जारी आदेश में गैस एजेंसियों को घरेलू सिलेंडरों का वितरण फिलहाल एजेंसी परिसर से सीधे न करने और केवल डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है, जिससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बन रही है और समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति में भी दिक्कतें आ रही हैं।

इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं को केवल घर-घर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अपने घर पर ही सुरक्षित और सुगमता से गैस सिलेंडर मिल सके।

साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि बुकिंग के बाद नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था का लाभ उठाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव की भीड़ में परिजनों से बिछड़ा 4 वर्षीय बच्चा, नैनीताल पुलिस ने कुछ ही देर में सकुशल खोज निकाला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.