ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

रुद्रप्रयाग और चंपावत जिलों में प्रशासन की टीमों ने विभिन्न बाजारों में औचक छापेमारी कर कुल 32 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

रुद्रप्रयाग जिले में जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बाजारों और दुकानों का निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उपयोग की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान घोलतीर और सुमेरपुर बाजार क्षेत्र में टीम ने 22 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए। जांच में सामने आया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।

प्रशासन ने जब्त किए गए सिलेंडरों को कब्जे में लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वहीं चंपावत जिले में भी जिला प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया।

मुख्य बाजार क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर औचक छापेमारी की गई। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जाता पाया गया।

टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।

प्रशासन ने संबंधित व्यवसायियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही है।

यह भी पढ़ें :  सातताल झील का टूटा पुल बना खतरा, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से की शीघ्र निर्माण की मांग
error: Content is protected !!