हल्द्वानी। कैम्प कार्यालय में सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व कर, संग्रह एवं प्रवर्तन कार्यों की विभागवार मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में प्रगति सुनिश्चित की जाए और बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही स्टाम्प और आबकारी से जुड़े वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को न्यायालयों में लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उनके पटलों का स्थलीय निरीक्षण भी जल्द किया जाएगा।
बैठक में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम, शिक्षा विभाग, अभियोजन विभाग और समाज कल्याण विभाग को पॉक्सो और एनडीपीएस अधिनियम के तहत जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतुष्टिपरक निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तहसील स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई कर समस्याओं के समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।
बैठक में हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज के वनग्राम रिंगोड़ा निवासी कानू उपाध्याय की मृत्यु पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रामनगर को तत्काल मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए।
सड़क हादसों की रोकथाम के लिए डीएम ने सभी परगना मजिस्ट्रेट को सूखे और जर्जर पेड़ों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से संभावित दुर्घटनाओं से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों को झूलते हुए विद्युत तारों को भी शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, प्रमोद कुमार, मोनिका, बीसी पंत, रेखा कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





