ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एमबी इंटर कॉलेज परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां देर शाम तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

गौरतलब है कि शनिवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी पहुंचकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सरकार दोनों ही स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने चार साल के कार्यकाल में राज्य में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और यह कार्यक्रम उन उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन और संबोधन कार्यकर्ताओं व प्रदेशवासियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लागू किया गया यूसीसी कानून एक ऐतिहासिक पहल है और अब अन्य राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे देश में समानता और सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कुल मिलाकर, हल्द्वानी में होने वाली यह जनसभा न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि सरकार के चार साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने का बड़ा मंच भी साबित होगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पैरामेडिकल छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री धामी से मिले छात्र, ₹15 हजार इंटर्नशिप स्टाइपेंड समेत कई मांगें उठाईं

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.