ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं भीमताल विधानसभा से जुड़े नेता ने नवनियुक्त मंत्रियों और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि तामझाम, जुलूस और फ्लेक्स की राजनीति के शोर में जनता के असली मुद्दे दब गए हैं, जबकि क्षेत्र की समस्याएँ साल दर साल विकराल रूप लेती जा रही हैं।

उन्होंने बयान जारी कर कहा कि “पहाड़ से लेकर भाबर तक स्वागत के फ्लेक्स लटकाए जा रहे हैं, लेकिन सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दे आज भी जस के तस हैं।”

मनोज शर्मा ने कहा कि रानीबाग से ऊपर पूरी भीमताल विधानसभा में समस्याओं का अम्बार लगा है। मुख्य सड़कें और लिंक मोटर मार्ग वर्षों से बदहाल हैं, जबकि स्वास्थ्य सेवाएँ दम तोड़ चुकी हैं और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता विकास की बात करने से डरते हैं और केवल दिखावे की राजनीति कर रहे हैं।

 जल जीवन मिशन पर भ्रष्टाचार का आरोप

मनोज शर्मा ने कहा कि जल जीवन मिशन के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उनके अनुसार यदि निष्पक्ष जांच हो जाए तो यह राज्य गठन के बाद का सबसे बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।

 बाघ का आतंक और अवैध शराब पर भी चिंता

उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र अब बाघ के आतंक का केंद्र बन चुका है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। साथ ही अवैध शराब घर-घर पहुँचने की बात कहते हुए उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

 किसान और युवा दोनों परेशान

कांग्रेस नेता ने कहा कि बेमौसमी बारिश, तूफान और जंगली जानवरों के कारण खेती-किसानी खत्म होने की कगार पर है, वहीं बीमा कंपनियों द्वारा किसानों का शोषण भी लगातार जारी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रोजगार नीति के अभाव में क्षेत्र के युवा महानगरों में शोषण का शिकार हो रहे हैं।

 मंत्रियों को दी चेतावनी

मनोज शर्मा ने कहा कि जनता अब जुमले नहीं बल्कि काम का ब्लू प्रिंट देखना चाहती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा,

“मैं कैसे बधाई दे दूँ, जब मेरे घर जाने के रास्ते ही मौत की खाई में तब्दील हो चुके हैं।”

उन्होंने नव नियुक्त मंत्रियों से मांग की कि अब वास्तव में काम दिखना चाहिए, “वरना जनता बोलने के लिए तैयार बैठी है।”

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अहिरावण और रावण वध के साथ श्री सिद्धेश्वर महादेव रामलीला का भव्य समापन, दर्शकों की उमड़ी भीड़

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.