ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। जहां पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी इलाकों में तेज गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड में इजाफा हो सकता है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है और भीषण गर्मी का असर जारी है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की राहत महसूस हो रही है।

मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। वायरल संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। अस्पतालों में गले में दर्द, बदन दर्द और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 34.0 और न्यूनतम 13.8 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 20.5 और न्यूनतम 9.5 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 21.6 और न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा फैसला: 1 अगस्त से मॉल रोड पर हॉर्न बजाना प्रतिबंधित, रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब

You missed

error: Content is protected !!