चम्पावत। जिले के पाटी विकासखंड अंतर्गत सीमांत क्षेत्र वालिक में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक घर में लगी भीषण आग में एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब ढाई बजे गांव के एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
उस समय घर की दूसरी मंजिल पर राजेंद्र सिंह बिष्ट (47 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय कमल सिंह बिष्ट सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मकान की पहली मंजिल पर पशु बंधे हुए थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि आग से मकान को भारी क्षति पहुंची है।
घटना की सूचना मिलते ही देवीधुरा चौकी पुलिस, थाना पाटी पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विस्तृत कारणों का पता लगाया जा रहा है।

