उत्तराखंड के नैनीताल जिले की होनहार छात्रा वैष्णवी बिष्ट ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है।
हाल ही में महाराणा प्रताप स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में वैष्णवी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वैष्णवी वर्तमान में कक्षा 11 की छात्रा हैं और मोहनलाल शाह बाल विद्या मंदिर में अध्ययनरत हैं।
पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में उनकी निरंतर प्रगति विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।
इस सफलता के पीछे उनके कोच निखिल आर्य और निहारिका गुसाईं का विशेष योगदान रहा है।
साथ ही स्कूल की प्रिंसिपल अनुपमा साह और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और समर्थन ने भी उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वैष्णवी के परिवार का सहयोग भी उनकी सफलता में अहम रहा है। उनके पिता संजय बिष्ट व्यवसायी हैं, जबकि माता अनुभा बिष्ट सेंट जोसेफ कॉलेज में शिक्षिका हैं। माता-पिता ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
वैष्णवी की खेल प्रतिभा उनके परिवार की विरासत से भी जुड़ी है। उनके दादाजी सुरेंद्र सिंह बिष्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं और सेना में कोच के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर वैष्णवी ने खेलों में करियर बनाने का संकल्प लिया।
कोच निखिल आर्य के अनुसार, वैष्णवी की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यही कारण है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है।
वैष्णवी की इस उपलब्धि से पूरे नैनीताल और उत्तराखंड में खुशी की लहर है।
कम उम्र में हासिल की गई यह बड़ी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

