ब्रेकिंग न्यूज़

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जा रहे युवकों से 7 लाख की लूट.. फायरिंग का आरोप.. आरपीएफ जांच में जुटी

हल्द्वानी। उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो कर्मचारियों से हथियारों के बल पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद रेलवे रूट पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी निवासी जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। दोनों ऑटोमोबाइल पार्ट्स खरीदने जा रहे थे और उनके पास करीब 7 लाख रुपये नकद थे, जिसे उन्होंने बेल्ट में छिपाकर रखा था।

बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान तीन संदिग्ध युवक उसी कोच में सवार हुए और लगातार दोनों पर नजर बनाए रखी। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों को घेर लिया और तमंचा-पिस्टल की नोक पर नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) हरकत में आई। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

इस घटना के विरोध में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर आरपीएफ से मुलाकात की और जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  न्यूनतम वेतन, पेंशन और नियमितीकरण की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.