ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गीता का ज्ञान, गंगाजल का संकल्प और हनुमान जी की शक्ति के साथ भीमताल विधानसभा के घर- घर निकल पड़े हरीश पनेरू

भीमताल विधानसभा में नशा मुक्त अभियान को लेकर हरीश पनेरू का अनोखा संकल्प

भीमताल। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भीमताल क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने नशा एवं शराब मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से “नशामुक्त भीमताल अभियान” की शुरुआत की घोषणा की है।

इस संबंध में उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने अभियान का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।

प्रेस वार्ता के दौरान हरीश पनेरू ने कहा कि वर्तमान समय में शराब और नशे की लत समाज के लिए गंभीर अभिशाप बन चुकी है। इसके चलते अनेक परिवार बर्बाद हो रहे हैं और सामाजिक ताने-बाने पर गहरा असर पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई माताओं-बहनों का सुहाग नशे की वजह से उजड़ चुका है, जो अत्यंत दुखद है।

उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान पर भी चिंता जताई। पनेरू ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, जो सदियों से ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं की तपोभूमि रही है, वहां नशे का बढ़ता प्रचलन हमारी संस्कृति और परंपराओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।

अपने अभियान के तहत पनेरू ने एक अनूठी योजना का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक गंगाजल की बोतल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश और हनुमान चालीसा पहुंचाई जाएगी। उनका मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

पनेरू ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए वे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेंगे। इसके लिए वे जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों, विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएंगे और जनसमर्थन जुटाएंगे।

उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक स्वस्थ, जागरूक तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

इस अवसर पर योगी पुरुष बाबा दीन दयाल गिरी जी, बाबा मनमोहन गिरी महाराज, समाजसेवी सुशील भट्ट, तेज सिंह बिष्ट, राज्य आंदोलनकारी पीसी शर्मा, समाजसेवी नारायण सिंह बरगली, नवीन, नरेश और मनोज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी में महिला को गोली मारने की धमकी, रास्ते में रोककर किया हंगामा; कार्रवाई की मांग
error: Content is protected !!