उत्तराखंड में IAS-PCS अधिकारियों के विभाग बदले, शासन ने जारी किए तबादला आदेश

आबकारी से लेकर वित्त और गृह विभाग तक बदलाव, 17 अधिकारियों की नई तैनाती

लालरिन लियना फैनई को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी, दिलीप जावलकर से जलागम विभाग वापस; रंजीत कुमार सिन्हा और बृजेश कुमार संत के विभागों में भी बदलाव

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), राज्य सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के कुल 17 अधिकारियों के विभागों एवं पदभार में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

इस प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन के इस आदेश में आबकारी, वित्त, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक विकास, खनन, आयुष, खेल, नियोजन, श्रम, सहकारिता, गृह, पर्यटन और जलागम सहित कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।

शासनादेश के अनुसार श्री लालरिन लियना फैनई (IAS-1997) को प्रमुख सचिव आबकारी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्री दिलीप जावलकर (IAS-2003) को सचिव वित्त विभाग के पद पर तैनाती दी गई है। उनके जलागम विभाग से जुड़े पदभार में भी बदलाव किया गया है।

इसी क्रम में डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा (IAS-2005) को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। श्री बृजेश कुमार संत (IAS-2006) को सचिव औद्योगिक विकास (खनन), आबकारी तथा महानिदेशक खनन का दायित्व सौंपा गया है।

वहीं श्रीमती रीना जोशी (IAS-2013) को सचिव नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। श्री विनीत कुमार (IAS-2013) को अपर सचिव श्रम विभाग के साथ जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से जुड़े दायित्व सौंपे गए हैं। उन्हें अपर निदेशक/परियोजना निदेशक जलागम की जिम्मेदारी भी दी गई है।

श्री मनुज गोयल (IAS-2014) को अपर सचिव वित्त विभाग में तैनात किया गया है। जबकि श्री मेहरबान सिंह बिष्ट (IAS-2016) को अपर सचिव सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्री अभिनव शाह (IAS-2019) को अपर सचिव गृह विभाग में तैनाती दी गई है।

इसके अलावा सचिवालय सेवा के अधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है। श्री विक्रम सिंह यादव को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि श्रीमती महिमा रौंकली को अपर सचिव वन विभाग के पद पर तैनात किया गया है।

तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश

शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित एवं नई जिम्मेदारी पाने वाले सभी अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर तत्काल नवीन तैनाती वाले पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन के इस फैसले को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

विभागों में नई जिम्मेदारियों के साथ अब संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों का कामकाज संभालना होगा।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के इंटर कॉलेजों में शिक्षकों का टोटा: गणित-विज्ञान के 1494 प्रवक्ता पद खाली, 99 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की बोर्ड तैयारी पर संकट

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.