मुख्यमंत्री बोले- ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करें जनता की सेवा, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करे प्रशासन
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के 36 युवाओं को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त 36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। खास बात यह है कि नियुक्ति पाने वालों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। बेटियों की इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण और प्रदेश की युवतियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता उत्तराखंड की अन्य युवतियों को भी सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में चयनित होना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनता के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। अब सभी नवनियुक्त अधिकारियों का दायित्व है कि वे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। प्रशासनिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामले आम जनता और किसानों के लिए बेहद संवेदनशील होते हैं। नामांतरण, भूमि की पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों में सुधार जैसे मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाना चाहिए। इन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरतनी होगी।
उन्होंने कहा कि तहसीलों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों की सही जानकारी दी जाए। लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों से तहसील पहुंचने वाले बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में सम्मान और सहयोग का अनुभव हो।
आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में राजस्व अधिकारियों की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन करना राजस्व अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नुकसान का आकलन समय पर होने से प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी राहत और सहायता जल्द पहुंचाई जा सकती है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, बिना दबाव करें काम
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव, सिफारिश या लालच में आए बिना नियमों के अनुरूप निर्णय लेने चाहिए। प्रत्येक नागरिक के जायज कार्य को बिना किसी भेदभाव के पूरा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम आदमी तक आसानी से पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को जवाबदेह और संवेदनशील बनना होगा। साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त नायब तहसीलदार अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस नियुक्ति से जहां 36 युवाओं को सरकारी सेवा में अपना भविष्य संवारने का अवसर मिला है, वहीं 13 बेटियों की सफलता ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।
























