ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी।  जाम फैक्ट्री परिसर, राजपुरा में नगर निगम द्वारा स्वचालित एवं अत्याधुनिक ऑर्गेनिक वेस्ट प्रोसेसिंग मशीन का शुभारंभ किया गया। इस मशीन का उद्घाटन महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, स्वच्छ अधिकार इंडिया के प्रबंध निदेशक प्रकाश उपाध्याय सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मशीन की कार्यप्रणाली और विशेषताओं की जानकारी दी गई।
बताया गया कि यह अत्याधुनिक मशीन मात्र 24 घंटे के भीतर गीले जैविक कचरे को उच्च गुणवत्ता वाली खाद में परिवर्तित कर देती है। मशीन प्रतिदिन करीब 1000 किलोग्राम कचरे को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है और सालभर में लगभग 350 टन कचरे को कम करते हुए करीब 35 टन खाद तैयार कर सकती है।
इस तकनीक की खासियत यह भी है कि यह गीले कचरे से निकलने वाली हानिकारक मिथेन गैस को नियंत्रित कर पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में मदद करती है। साथ ही यह मशीन बिना शोर, कंपन और दुर्गंध के कार्य करती है और इसे 1-2 ऑपरेटर आसानी से चला सकते हैं।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने इसे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की दिशा में अहम पहल बताते हुए कहा कि इससे कचरे का बेहतर निस्तारण होगा और उपयोगी खाद तैयार की जा सकेगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरे के पृथक्करण और सही निस्तारण की आदत अपनाएं, क्योंकि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आधुनिक तकनीकों के जरिए कचरा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उनका लक्ष्य हल्द्वानी को प्रदेश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहरों में शामिल करना है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 66 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
error: Content is protected !!