हल्द्वानी। शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद तथा ओबीसी प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भवाली निवासी जितेंद्र कुमार ने ड्रग लाइसेंस आवेदन बार-बार निरस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर आयुक्त ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, जिसके बाद 17 अप्रैल 2026 को उनका ड्रग लाइसेंस आवेदन स्वीकृत कर दिया गया।
वहीं मंगल पड़ाव, हल्द्वानी निवासी विद्यावती ने बताया कि उनके दिवंगत पति पिछले 15 वर्षों से एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, लेकिन बीते दो वर्षों से उन्हें वेतन नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने शीघ्र बकाया वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।
रामनगर निवासी पार्वती रावत द्वारा जमीन विवाद का मामला भी सामने आया, जिसमें आयुक्त ने तहसीलदार रामनगर को जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बरेली रोड निवासी माया जोशी ने आर्थिक तंगी के चलते बच्चों की स्कूल फीस जमा न कर पाने की समस्या रखी। आयुक्त ने स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर तत्काल समाधान कराया।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए।

