ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

लापरवाही के मैदान में अनदेखी के भाले ने छीन लिया तीन बहनों का इकलौता भाई

– चंपावत में सोमेंद्र सिंह की मौत से मां और बहनें सदमे में, मछियाड़ गांव में चीत्कारों के बीच शोक का माहौल

पॉलिटेक्निक कॉलेज की खेल प्रतियोगिता बनी त्रासदी, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

चंपावत। गोरलचौड़ खेल मैदान में आयोजित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता उस समय मातम में बदल गई, जब भाला फेंक अभ्यास के दौरान एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अभ्यास के दौरान फेंका गया भाला छात्र सोमेंद्र सिंह के दाएं कंधे से होते हुए गर्दन में जा धंसा, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सोमेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में मां दीपा देवी बेटे का नाम लेकर बार-बार बिलखती रहीं, वहीं बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव मछियाड़ में शव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया।

इस घटना के बाद प्रतियोगिता में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भाला फेंक जैसे जोखिम भरे खेल में सुरक्षा दूरी और निगरानी बेहद जरूरी होती है, लेकिन यहां न तो पर्याप्त इंतजाम थे और न ही खेल विभाग की मदद ली गई थी। कॉलेज के शिक्षकों द्वारा ही आयोजन कराया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, सोमेंद्र ने हाल ही में अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा भी पास की थी और परिवार उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहा था। लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। फिलहाल मामले को लेकर जिम्मेदारों की भूमिका पर जांच की मांग उठ रही है।

यह भी पढ़ें :  सरकार का बड़ा दांव: लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव, महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी तेज
error: Content is protected !!