ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बुजुर्ग के अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों से भरा मैक्स कैंपर वाहन गहरी खाई में गिरा, अंतिम विदाई देने के बाद आठ लोगों की जीवन यात्रा भी थमी

टिहरी जनपद के चंबा-कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों से भरा मैक्स कैंपर वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे घनसाली क्षेत्र की पट्टी नेलचामी को गम में डुबो दिया है।

चकरेड़ा गांव निवासी प्रेमलाल अपने पिता संपत लाल के निधन के बाद स्वजनों और ग्रामीणों के साथ ऋषिकेश अंतिम संस्कार के लिए गए थे। लौटते समय चंबा-कोटी मार्ग पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में प्रेमलाल समेत आठ लोगों की जान चली गई। पिता को मुखाग्नि देने वाले बेटे की भी इस हादसे में मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

हादसे में ग्राम ठेला निवासी आशा लाल की भी मौत हो गई। उनके 18 वर्षीय बेटे अंकित को यह अंदाजा भी नहीं था कि अंत्येष्टि से लौटने के बाद उसे अपने पिता को मुखाग्नि देनी पड़ेगी। गांवों में मातम पसरा है, कई घरों में चूल्हे नहीं जले और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर एक कार खाई में गिरने से व्यापारी अजय रावत की मौत हुई थी। हादसे के बाद लगाए गए पैराफिट भी इस बार वाहन को नहीं रोक सके। वाहन पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता देने और पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य अनुज लाल शाह सहित जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

यह भी पढ़ें :  युवक ने दिया शादी का झांसा, महिला ने छोड़ा पति; दूसरी शादी का खुलासा होते ही पहुंची पुलिस के पास
error: Content is protected !!