ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। जनगणना ड्यूटी में आ रही दिक्कतों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संगठन, जूनियर शिक्षक संगठन एवं राजकीय शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखते हुए समाधान की मांग की।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान में दिव्यांग एवं गंभीर रूप से अस्वस्थ शिक्षकों की भी जनगणना ड्यूटी लगा दी गई है। इसके अलावा विद्यालयों के संस्था अध्यक्षों को भी ड्यूटी में शामिल किया गया है, जिससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। बार-बार ड्यूटी में बदलाव होने से शिक्षकों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

शिक्षकों ने यह भी बताया कि कई ऐसे शिक्षकों को ड्यूटी दी गई है जिन्हें एंड्रॉयड फोन के संचालन की पर्याप्त जानकारी नहीं है। साथ ही आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। कई शिक्षकों को उनके कार्य क्षेत्र से काफी दूर ड्यूटी दी गई है, जिससे कार्य में कठिनाई और जटिलता बढ़ रही है।

संगठनों ने मांग की कि शिक्षकों को उनके कार्यक्षेत्र के नजदीक ही ड्यूटी दी जाए, ताकि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम में त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र के आसपास ही लगाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संगठन के डिकर सिंह पडियार, राजकीय शिक्षक संघ के गिरीश जोशी, मदन गिरी गोस्वामी, हेमचंद्र पाठक, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के डॉ. देवकीनंदन भट्ट, खीमेश भट्ट तथा अशासकीय शिक्षक संगठन के एल.डी. पाठक सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  विश्व पुस्तक दिवस 2026: “रीड योर वे” थीम के साथ पढ़ने की आदत और ज्ञान साझा करने पर जोर
error: Content is protected !!