ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप की नियुक्ति की गई है। इस संबंध में लोकभवन की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी की गई।

प्रो. कश्यप वर्तमान में विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में कृषि संचार विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वे पिछले 24 वर्षों से अधिक समय से कृषि संचार, कृषि विस्तार और शिक्षण पद्धति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं।

शैक्षणिक और शोध कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें प्रतिष्ठित “मंथन पुरस्कार” से भी नवाजा जा चुका है, जिसमें ग्रामीण सशक्तिकरण के लिए उनके कार्यों को जूरी च्वाइस श्रेणी में विशेष पहचान मिली।

प्रो. कश्यप विभिन्न प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कृषि संचार, कृषि विस्तार और शिक्षण पद्धति जैसे विषयों पर कई पुस्तकों का लेखन भी किया है।

नए कुलपति नियुक्त होने पर पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत लालकुआँ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने विश्वविद्यालय पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रो. कश्यप को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

लोटनी ने विश्वास जताया कि प्रो. कश्यप के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और कृषि नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस दौरान लालकुआँ क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान वार्ड नंबर-2 के सभासद धन सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल महामंत्री बॉबी सम्मल, युवा समाजसेवी पंकज पांडेय, निशांत गिरी और वरुण पाठक भी मौजूद रहे। सभी ने नए कुलपति को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊँ विश्वविद्यालय में IPR पर व्याख्यान: बौद्धिक संपदा संरक्षण और प्रबंधन पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
error: Content is protected !!