हल्द्वानी। हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद द्वारा पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए दो दिवसीय सम्मान एवं खेल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दायित्वधारी नवीन वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम 29 और 30 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का विशेष आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभागार में मुख्य सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देना और उन्हें समाज में सक्रिय भूमिका के लिए प्रोत्साहित करना है। समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

