ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में मासिक अपराध समीक्षा बैठक: SSP के सख्त निर्देश, आचरण, पारदर्शिता और समयबद्ध जांच पर जोर

नैनीताल। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में पुलिस लाइन नैनीताल सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें आगामी पर्यटन सीजन और मार्च माह के अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत थानों में कर्मचारी सम्मेलनों से हुई, जिसके बाद थाना प्रभारियों, फायर सर्विस, ट्रैफिक, पीएसी और होमगार्ड के अधिकारियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई।

बैठक में पुलिस के आचरण और व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि आमजन और पर्यटकों के साथ संवाद के दौरान पुलिसकर्मी शालीन, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार अपनाएं। ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने या जनता से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एसएसपी ने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सकारात्मक छवि बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वस्त किया कि ड्यूटी के दौरान उत्पन्न किसी भी समस्या में विभाग अपने कर्मियों के साथ खड़ा रहेगा, लेकिन अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपराध समीक्षा के दौरान विवेचनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी जांच अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। खासकर 7 वर्ष से कम सजा वाले मामलों—जैसे एक्साइज एक्ट, विद्युत अधिनियम और सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों में देरी पर नाराजगी जताई गई। सीसीटीएनएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग और ऑनलाइन कार्यप्रणाली में सुधार के भी निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि समयसीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही को सर्वोपरि बताते हुए इन मानकों से समझौता न करने की बात कही गई।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार, विभिन्न सीओ, अग्निशमन अधिकारी और अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल: 28 अप्रैल 2026
error: Content is protected !!