पिथौरागढ़। अस्कोट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया।जानकारी के अनुसार, भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ विवाह समारोह में शामिल होने आया था।
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भुवन प्रसाद ने आपा खो दिया और धारदार कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने गीता देवी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस खौफनाक घटना से शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच जारी है।
मृतका गीता देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी विवाहित हैं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार सदमे में है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

