नैनीताल पुलिस में भावुक विदाई समारोह, तीन कार्मिकों को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में कार्यरत दो पुलिस कर्मियों और एक अनुचर के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रेवाधर मठपाल (एसपी संचार, नैनीताल) ने की, जहां सेवानिवृत्त हो रहे कार्मिकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर उप निरीक्षक (एएसआई) केदार सिंह, हेड कांस्टेबल अकिल मलिक और अनुचर भोलानाथ को उनके लंबे सेवाकाल और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहा गया। तीनों कार्मिकों ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए विभाग के साथ बिताए महत्वपूर्ण पलों को याद किया।
कार्यक्रम में एसपी संचार ने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिकों की सेवाएं पुलिस विभाग के लिए अनुकरणीय हैं और उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
वहीं डॉ. मंजूनाथ टी.सी. (एसएसपी नैनीताल) की ओर से भी सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में सम्मान और भावनाओं का विशेष माहौल देखने को मिला।

