ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

राजवीर हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग में बेटी से शादी की चाह, युवक ने रची प्रेमिका के पिता की हत्या की साजिश

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में हुए सिडकुल कर्मी राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस हत्या के पीछे पारिवारिक रिश्तों में उलझा प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसमें बेटी से शादी करने की चाहत ने युवक को खौफनाक साजिश रचने तक पहुंचा दिया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोमवार को अत्मलपुर बोंगला गांव के पास खेत में राजवीर का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच शुरू की। संदिग्ध मोबाइल नंबर ट्रेस कर बुधवार सुबह पुलिस ने पंकज कुमार (26) निवासी रोशनाबाद को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने छोटेलाल को भी हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि पंकज का मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसके लिए वह युवती पर तलाक का दबाव बना रहा था, लेकिन पिता राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ थे।

नशे में हथौड़े से की हत्या

पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल की शाम आरोपी पंकज अपने साथी के साथ राजवीर को बहाने से बोंगला अंडरपास के पास खेत में ले गया। वहां तीनों ने पहले शराब पी, जिसके बाद नशे की हालत में आरोपियों ने हथौड़े से राजवीर के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, बाइक और मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की बेटी अपने वैवाहिक जीवन से खुश नहीं थी और पिछले कुछ वर्षों से मानसिक तनाव में थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पंकज से हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हालांकि युवती ने पंकज को अपने पिता को नुकसान पहुंचाने से मना किया था, लेकिन आरोपी ने साजिश को अंजाम दे दिया।

मोबाइल पेमेंट से खुला राज

पुलिस के लिए इस मामले में मोबाइल से किया गया ऑनलाइन भुगतान अहम सुराग बना। वारदात से पहले शराब खरीदने के लिए मृतक के फोन से पेमेंट किया गया था, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

इस पूरे मामले ने पारिवारिक विवाद, असफल वैवाहिक जीवन और अवैध संबंधों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल में दर्दनाक हादसा: वाहन खाई में गिरा, 2 की मौत, 4 घायल —हरीश पनेरू ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप, उचित मुआवजे की मांग
error: Content is protected !!