हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और रंगदारी वसूलने का आरोप, पांच करोड़ नकद और करीब दो करोड़ की संपत्ति लेने की शिकायत; पुलिस ने शुरू की जांच
चार प्लॉट, पांच करोड़ नकदी, कार और स्कूटी लेने का आरोप; महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। शहर के एक प्रतिष्ठित उद्योगपति से हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। उद्योगपति सुभाष चंद्र गुप्ता ने एक महिला समेत छह लोगों पर करीब सात करोड़ रुपये की नकदी और संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2015 में उद्योगपति सुभाष चंद्र गुप्ता की पहचान ज्योति सिंह नाम की महिला से हुई थी। आरोप है कि महिला ने कथित तौर पर उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे। इन्हीं फोटो-वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाने लगा। पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2022 से ब्लैकमेलिंग का सिलसिला दोबारा शुरू हुआ और महिला ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनसे लगातार रुपये और संपत्ति की मांग की।
कारोबारी सुभाष चंद्र गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला से जान-पहचान होने के बाद उन्हें कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। शिकायत के मुताबिक, महिला और उसके सहयोगियों ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे लगातार रकम और संपत्ति की मांग की। आरोप है कि इसी दबाव में उद्योगपति से करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट, पांच करोड़ रुपये नकद, ऑनलाइन भुगतान के अलावा एक कार और स्कूटी भी ले ली गई।
मामले में एक और चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, महिला उद्योगपति से बच्ची के नाम पर हर महीने 40 हजार रुपये की मांग करती थी। आरोप है कि महिला बच्ची को उद्योगपति से पैदा होने की बात कहकर और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसे देने का दबाव बनाती थी। शिकायत में मोहम्मद मुश्ताक समेत अन्य लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
उद्योगपति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में कथित लेन-देन, संपत्ति के हस्तांतरण, ऑनलाइन भुगतान और आरोपियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं को खंगाला जाएगा।
वहीं, एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने इस तरह की घटनाओं से पीड़ित लोगों से सामने आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग या अवैध वसूली का शिकार हो रहा है तो उसे डरने की जरूरत नहीं है। पीड़ित व्यक्ति अपने परिवार को विश्वास में लेकर पुलिस से संपर्क करे। पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी।
























