ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

“प्रतिभाओ को मिला सम्मान: राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित”

रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में 25 अप्रैल एवं 27 अप्रैल 2026 को विज्ञान संकाय के पांचों विभागों के संयुक्त तत्वावधान में शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वैज्ञानिक एवं बौद्धिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास तथा प्रभावशाली अभिव्यक्ति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

25 अप्रैल को आयोजित विज्ञान विषय आधारित क्विज प्रतियोगिता में कुल 95 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 67 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में हिमानी (बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर), गरिमा, रमा, दिया शर्मा एवं जीवन ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी वैज्ञानिक समझ एवं त्वरित चिंतन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इसके बाद 27 अप्रैल को आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। “इंटरनेट एजुकेशन : गंभीर समस्या?” विषय पर विपक्ष में प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए आयुष सती, कविता रावत एवं पारस रामानंद ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं “एआई मैनेजमेंट : मानव नियंत्रण या स्वतंत्रता” विषय पर मोहित सती एवं भावना बिष्ट ने पक्ष में अपने तार्किक विचार प्रस्तुत करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। “ऑनलाइन प्राइवेसी : मिथक या सच्चाई” विषय पर करण सिंह बिष्ट एवं गौरव मेहता ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. नीमा बोरा तथा डॉ. निधि शर्मा शामिल रहीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति शैली एवं विषय प्रस्तुति का मूल्यांकन किया।

07 मई 2026 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे की उपस्थिति में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता, विश्लेषणात्मक सोच एवं मंच पर प्रभावी ढंग से विचार प्रस्तुत करने की क्षमता का विकास करना रहा।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह एवं आत्मविश्वास सराहनीय रहा।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एसएसपी मन्जूनाथ टीसी ने किया सपेरों के काले कारनामों का खुलासा, 25 लाख के सोने-चाँदी के आभूषण बरामद
error: Content is protected !!