नैनीताल स्थित ठंडी सड़क में भगवान शनि देव का जन्मोत्सव 16 मई को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा
रिपोर्टर गुडडू सिंह ठठोला
नैनीताल। ठंडी सड़क स्थित प्राचीन शनि देव मंदिर में इस वर्ष शनि देव भगवान का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शनि भक्तों ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक विद्युत मालाओं से सजाया गया है।
मंदिर के व्यवस्थापक हेमचंद जोशी ने बताया कि लगभग डेढ़ सौ वर्षों बाद अमावस्या के दिन शनि देव जन्मोत्सव का विशेष संयोग बन रहा है, जिसके चलते भक्तों में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि आचार्य भगवती प्रसाद द्वारा ब्रह्म मुहूर्त में सरसों के तेल से शनि देव का अभिषेक एवं स्नान कराया जाएगा। इसके उपरांत हवन-यज्ञ, सुंदरकांड पाठ तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
हेमचंद जोशी ने बताया कि अमावस्या के दिन जन्मे स्त्री-पुरुष यदि अपने जन्म नक्षत्र, राशि एवं लग्न के अनुसार पूजा-अर्चना कर शनि मंत्रों का जाप करें तथा काली उड़द और लोहे की वस्तुओं का दान करें तो इससे नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में स्थिरता आती है।
उन्होंने कहा कि इस दिन किए गए दान, सेवा और अच्छे कर्म व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ शनि दोष के प्रभाव को कम करने में सहायक माने जाते हैं।

