ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दर्दनाक हादसा: 40 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक, दो इकलौते बेटों की मौत, दोनों परिवारों में कोहराम

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। थल-मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना के बाद पूरे मालासीमा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक बाइक से मसमोली की ओर जा रहे थे। बाइक थल बाजार से लगभग चार किलोमीटर आगे पहुंची ही थी कि सड़क किनारे बने कॉजवे के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बाइक सीधे करीब 40 मीटर नीचे जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीण खाई में उतरकर युवकों को बाहर निकालने लगे, लेकिन तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं। घायल युवक को तत्काल मुवानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मालासीमा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप ज्याला पुत्र दरपान ज्याला और 19 वर्षीय बॉबी सिंह देउपा पुत्र डिगर सिंह देउपा के रूप में हुई है। वहीं 25 वर्षीय बलवंत भंडारी पुत्र प्रमोद भंडारी को मामूली चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि प्रदीप और बॉबी दोनों अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

सुबह जिन बेटों को परिवार ने हंसते हुए घर से विदा किया था, शाम को उनकी मौत की खबर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घटना के बाद मालासीमा गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : हाईवे पर दर्दनाक हादसा ! एक युवक की मौत एक की हालत गंभीर
error: Content is protected !!