ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जनपद स्तरीय मेधा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालयों का भव्य सम्मान

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट शिक्षकों एवं विद्यालयों को सम्मानित करने के लिए सोमवार को ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय मेधा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोद कुमार सिमल्टी, सचिव, उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने कहा कि जनपद नैनीताल ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि सुमित कुमार ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गजेन्द्र सिंह सोन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोविन्द राम जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि जनपद में पहली बार आयोजित इस मेधा सम्मान समारोह से विद्यार्थियों को और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा 2026 में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अक्षत गोपाल की विशेष सराहना की।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 34 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

वहीं शत-प्रतिशत अंक दिलाने वाले 14 विषय अध्यापकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा सीबीएसई/आईसीएसई परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 7 प्रधानाचार्यों, राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के 6 प्रधानाचार्यों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 खंड शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

डॉ. लीलाधर भट्ट मेमोरियल कल्याण समिति के सौजन्य से राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कुल 90 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि वितरित की गई। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 10 हजार रुपये, द्वितीय से पंचम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये, छठे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को 4-4 हजार रुपये तथा 11वीं से 25वीं रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2-2 हजार रुपये प्रदान किए गए।

इस अवसर पर हाईस्कूल परीक्षा 2026 में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अक्षत गोपाल तथा इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में राज्य स्तर पर आठवीं रैंक प्राप्त करने वाली यमुना बोरा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में सुरक्षा दीवार से छेड़छाड़ पर बवाल, 1987 आपदा की याद से सहमे लोग

You missed

error: Content is protected !!